शनिवार, 24 मार्च 2012

'चक दे इंडिया' से सीखे टीम इंडिया



     पर्थ टेस्‍ट के बाद यकीनन भारतीय क्रिकेट टीम की ‘वर्थ’ पर सवाल उठने लाजिमी हैं। जिस देश में क्रिकेट महज एक खेल नहीं,बल्कि जुनून और उसके खिलाडी भगवान की तरह पूजे जाते हों,वहां ताश के पत्‍तों की तरह टीम के बिखरने पर हंगामा होना कोई आश्‍चर्य की बात नहीं है। टीवी चैनलों से लेकर अखबार तक भारतीय क्रिकेट टीम की भरपूर आलोचना करने में कोई कसर नहीं छोड रहे। पूर्व क्रिकेटर भी अपने-अपने तरीके से खुलकर या फिर शब्‍दों की बाजीगरी कर आलोचनाओं के तीर छोड रहे हैं। यहां तक कि भारत को क्रिकेट इतिहास में पहला विश्‍व कप दिलाने वाले कपिल देव भी दूसरा विश्‍व कप दिलाने वाले धोनी को लेकर कई सवाल उठा चुके हैं।
दरअसल, यह नियति है कि सफलताओं के रथ पर सवार हर शख्‍स को फूलों के हार नसीब होते हैं,तो असफलताओं के गर्त में सिर्फ आलोचनाओं के व्‍यंग्‍यबाण। धोनी के साथ भी आज कुछ ऐसा ही हो रहा है।
क्रिकेट को हमेशा से बल्‍लेबाजों का खेल कहा गया है। बल्‍ला चलता है,तो आप किसी भी असंभव से लगने वाले लक्ष्‍य का पीछा कर सकते हैं। इस दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम की गेंदबाजी अच्‍छी रही है। हार मिली है,तो सिर्फ कमजोर बल्‍लेबाजी के चलते। न सचिन चले न सहवाग न द्रविड और न ही गंभीर। अनहोनी को होनी में बदलने वाले धोनी भी कुछ खास नहीं कर पाए।
अब सवाल यह उठता है कि तेज उछाल लेती पिचों पर क्रिकेट के तमाम अनुभवी खिलाडियों का बल्‍ला एक साथ कैसे खामोश हो गया। सच तो यह है कि यह खिलाडियों की असफलता नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के सचेत होने का वक्‍त है। टीम में निश्चित रूप से कुछ ऐसा चल रहा है कि खिलाडी ऐसा प्रदर्शन कर रहे हैं, मानो उन्‍होंने अभी-अभी क्रिकेट का ककहरा सीखा हो।
आम लोगों में यह चर्चा है कि धोनी का अत्‍यधिक सफल होना, टीम में मौजूद कुछ वरिष्‍ठ खिलाडियों को नागवार गुजर रहा है। वे यह चाहते हैं कि धोनी को किसी भी तरह कप्‍तानी से हटाया जाए। ऑस्‍टरेलिया के प्रमुख अखबारों में ‘भारतीय टीम में दरार’ जैसी खबरों को पीछे छोड भी दिया जाए,तो इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि टीम में सब कुछ ठीक नहीं है। संभव है टीम में यका न हो। ऐसे में हमें शाहरूख खान की फिल्‍म ‘चक दे इंडिया’ की याद ताजा हो जाती है। आपस में लडती-भिडती महिला हॉकी खिलाडी जब एक जुट होकर खेलती हैं, तो वह न केवल दुनिया की ताकतवर टीमों को परास्‍त कर देती हैं,बल्कि विश्‍व विजेता भी बन जाती हैं। क्रिकेट में भी विश्‍व कप से पहले भारतीय टीम इस तरह खेल रही थी कि उसे सभी कप के प्रबल दावेदार के रूप में देख रहे थे और हुआ भी ऐसा ही। फिर विश्‍व कप के साल भर के भीतर ऐसा क्‍या हो गया कि धोनी की कप्‍तानी छीनने के सवाल उठने लगे और उनसे बेचैन होकर धोनी टेस्‍ट टीम से ही सन्‍यास लेने का मन बना रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद घातक होगा। इसलिए अब समय आ गया है,जब बी.सी.सी.आई. गंभीरता से यह पडताल करे कि आखिर टीम क्‍यों क्लिक नहीं कर पा रही है। ऐसा करके ही भारतीय क्रिकेट टीम को मौजूदा संकट से उबारा जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें